Type Here to Get Search Results !

देश को दिया गया जनकल्याणकारी बजट - रेखा अरूण वर्मा

फोटो :रेखा अरूण वर्मा। 

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा ने कहा बजट में रखा गया सभी का ध्यान। 

सीतापुर। केंद्र की मोदी सरकार महिलाओं को सम्मान करने का काम लगातार कर रही है। केंद्रीय बजट में भी महिलाओं के सम्मान का सरकार ने पूरा ख्याल रखा है,यह बात भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और धौरहरा सांसद रेखा अरूण वर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने महिलाओं को बजट के माध्यम से एक बडा तोहफा देते हुए महिला सम्मान बचत पत्र योजना शुरू करने की घोषणा की है।


इसके माध्यम से देश की कई महिलाएं अब अच्छी खासी बचत कर सकती हैं। इस खास योजना के तहत अब महिला या लडकी के नाम पर 2 लाख रुपये तक का निवेश किया जा सकेगा। इस पर 7.5 प्रतिशत का ब्याज मिलेगा और ये योजना मार्च 2025 तक लागू रहेगा। इस योजना में आंशिक निकासी की सुविधा भी होगी। 

उन्होंने कहा कि दीन दयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार मिशन के तहत महिलाओं को 81 लाख स्वयं सहायता समूह से जोडा गया है। साथ ही स्वंय सहायता समूहों को आर्थिक सशक्तिकरण के अगले चरण तक पहुंचाने के लिए बडे उत्पादक उद्यम बनाए जाएंगे। बजट का यह प्राविधान महिला सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

सांसद ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने अपने बजट के माध्यम से महिला किसानों को भी सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश की लगभग तीन करोड़ महिला किसानों को योजना के तहत 54,000 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं। सांसद ने कहा कि जहां एक ओर टैक्स स्लैब में 3 लाख की आय को पूर्ण रूप से कर मुक्त कर दिया गया है। वहीं,आयकर के नियमों के अनुरूप 7 लाख रुपए तक की आय अब टैक्स मुक्त होती दिखाई दे रही है।

सीधे तौर पर कहें तो 7 लाख रुपए तक की आमदनी पर टैक्सपेयर को अब कोई टैक्स नहीं चुकाना पडेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट एक समृद्ध और समावेशी भारत की कल्पना करता है जिसमें विकास का फल सभी वर्गों और नागरिकों,विशेष रूप से युवाओं,महिलाओं,किसानों,ओबीसी,एससी और एसटी तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट देश को आत्मनिर्भर के रास्ते पर आगे ले जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.